अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर एक युवक को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के हलक पुरवा मैनपुरी गांव के रहने वाले शिवलाल (55) पुत्र जगरूप गुरुवार देर शाम साइकिल से सब्जी खरीदने के लिए नंदनीनगर के पास गए थे।
इसी दौरान वहां रास्ते में ही एक चौपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के काशीपुर गांव का रहने वाला सुरेंद्र कुमार (25) अपने दोस्त मुडेरवा गांव निवासी कल्लू (30) के साथ बाइक से गुरुवार देर शाम एक निमंत्रण में बरगदी कोट गया था।
वहां से दोनों देर रात वापस लौट रहे थे। तभी बरगदी कोट के पास ही सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर कल्लू को लखनऊ रेफर कर दिया गया।