जिले में बुधवार की रात चोरों ने कोहराम मचा दिया। बेखौफ चोरों ने बुधवार देर रात नवाबगंज क्षेत्र में एक किसान के घर से तीन लाख रुपये नगदी समेत 20 लाख के गहने पार कर दिए। यही नहीं चोरों ने रुपईडीह दुबहा बाजार में घूम-घूमकर सात घरों को निशाना बनाया। यहां से चोर 34 हजार रुपये की नगदी व 5 लाख के जेवर उड़ा ले गए।
हैरत की बात यह कि पूरी रात चोर उत्पात मचाते रहे और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। सूचना के बाद पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है जांच की जा रही है। थाना नवाबगंज क्षेत्र के इस्माईलपुर गांव के मजरे सराय हर्रा के रहने वाले ओम प्रकाश ने बताया कि बुधवार की रात वह परिवार के साथ सो रहे थे।
इस बीच देर रात चोर अंदर घुस आए और कमरे में लाकर में रखी तीन लाख छह हजार रुपये नकदी व तिजोरी उठा ले गए। जिसमें सोने की झुमकी, जंजीर, अंगूठी, कंगन, लाकेट, बाला, मंगलसूत्र, नथुनी, कील, चांदी की पायल, करधन, पावजेब, बिछुआ व हसुली थी। ओमप्रकाश ने चोरी के गए गहनों की कीमत 20 लाख रुपये बताई है।
उन्होंने बताया कि गुरुवार की सुबह खाली तिजोरी घर से कुछ दूरी पर स्थित बागीचे में पड़ी मिली। इस मामले में ओमप्रकाश ने थाना नवाबगंज में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष नवाबगंज बृजेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
वहीं कौड़िया थाना क्षेत्र के चुर्रामुर्रा गांव के मजरे खैरी गांव के रहने वाले पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि वह बुधवार की देर रात घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे तभी देर रात चैनल को ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे चोरों ने 15 हजार रुपये नगदी, सोने की झुमकी, मटर माला, बाला, पायजेब व पायल लेकर भाग गए। दूसरी घटना में इसी गांव के तिलकराम पांडेय के घर में छत के रास्ते अंदर घुसे चोरों ने संदूक तोड़कर 15 हजार रुपये नगदी, सोने की झुमकी, टप्स, अंगूठी व पायल लेकर चंपत हो गए।
तीसरी घटना में चुर्रा मजरे के रहने वाले राजकुमार पांडेय के यहां छत के रास्ते अंदर घुसे चोरों ने 2 हजार रुपये नगदी, बाली, टप्स, झुमकी, बाला, पायजेब व पायल लेकर चंपत हो गए। चौथी घटना में इसी गांव के देव नरायन मिश्र ने बताया कि देर रात घर के अंदर चोर घुस आए। मगर उनकी नींद खुल गई तो चोर बरामदे में चार्जिंग में लगे दो मोबाइल फोन लेकर रफूचक्कर हो गए।
पांचवीं घटना में इसी गांव के कृष्णलाल ने बताया कि बुधवार की रात वह परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे तभी देर रात अंदर घुसे चोरों ने 2 हजार रुपये नगदी, सोने की चेन, झुमकी, टप्स व पायल पार कर दिया। छठवीं घटना में पृथी पुरवा के रहने वाले केशरी पांडेय ने बताया कि वह बुधवार की राम घर के बरामद में सो रहे थे, तभी उसकी बेड पर पिलो के नीचे रखी चाबी चोरों ने निकाल ली, मगर नींद खुल जाने के कारण चोर भाग निकले।
सातवीं घटना में खैरी गांव के रहने वाले मोहम्मद शरीफ ने बताया कि बुधवार की रात वह घर के बाहर सो रहे थे देर रात चोरों ने चैनल का ताला तोड़ दिया, मगर परिवारा के लोगों के जाग जाने से चोर भाग निकले। इस मामले में थाना कौड़िया में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष कौड़िया मनीष पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।