अलग-अलग स्थानों पर तीन घरों में गुरुवार की रात छत के रास्ते घुसे चोरों ने 73 हजार रुपये व 4.15 लाख के जेवरात पार कर दिए। इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मणपुर जाट गांव के रहने वाले अधिवक्ता चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि गुरुवार की रात वह अपने घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य छत पर सोने चले गए।
चंद्रप्रकाश के मुताबिक देर रात घर की पिछली दीवार में लगी खिड़की के सहारे चोर छत पर चढ़ कर घर में घुस आए और कमरों में रखे पांच संदूक उठा ले गए। जिसमें 60 हजार रुपये, सोने की झुमकी, नथुनी, झाला, कील, अंगूठी, चेन, कर्धनी, टॉप्स, मटरमाला, पायल, बिछिया व 25 चांदी के सिक्के रखे थे। चंद्रप्रकाश ने चोरी गए जेवरात की कीमत दो लाख रुपये बताई है।
दूसरी घटना में कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के कुंजलपुर गांव के मजरा दुबेपुरवा के रहने वाले दुर्गेश्वरनाथ दुबे ने बताया कि गुरुवार की रात वह घर के बरामदे में सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य लोग घर की छत पर सो रहे थे।
तभी देर रात घर की पिछली दीवार के सहारे चोर छत पर चढ़ कर आंगन में पहुंचे और कमरे के दरवाजे का ताला तोड़ कर संदूक व अटैची में रखे दस हजार रुपये, सोने की झुमकी, बिंदिया, झाला, चेन, अंगूठी, पायल व साड़ी आदि उठा ले गए। दुर्गेश्वरनाथ ने चोरी गए जेवर की कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई है।
वहीं, इसी गांव के मजरा तिवारी पुरवा के रहने वाले राम नरेश तिवारी के घर में गुरुवार की देर रात छत के रास्ते अंदर घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी के लॉक को तोड़ दिया और उसमें रखे तीन हजार रुपये, सोने की चेन, झुमकी व पायल समेट ले गए। रामनरेश ने चोरी गए जेवर की कीमत 65 हजार रुपये बताई है। इस मामले में पीड़ितों ने पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।