शहर के फैजाबाद रोड पर इमामबाड़ा मोहल्ला के समीप शनिवार की देर रात विवाद को लेकर एक युवक ने अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से हत्या के बारे में जानकारी ली।
इस मामले में युवक के पिता ने कोतवाली नगर में आरोपी युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली नगर क्षेत्र के शास्त्रीनगर के रहने मोहम्मद नजाक ने बताया कि उसके बेटे अब्दुल्ला खान (24) की इमामबाड़ा मोहल्ले के रहने वाले अब्दुल कादिर से गहरी दोस्ती थी।
दोनों एक-दूसरे के साथ रहते थे। मोहम्मद नजाक के मुताबिक 3 फरवरी को उसके बेटे और कादिर के बीच झगड़ा हुआ था। तभी से दोनों में विवाद चल रहा था। शनिवार की रात अब्दुल्ला खान फैजाबाद रोड पर इमामबाड़ा मोहल्ले के समीप चाय पीने गया था।
वह चाय की दुकान पर चाय पी रहा था। इसी बीच वहां पहुंचे कादिर ने तमंचा निकालकर उसे गोली मार दी। अब्दुल्ला को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान अब्दुल्लाह खान की मौत हो गई।
हत्या की सूचना पर सीओ भरत यादव, कोतवाल नगर बृजेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। इस मामले में मोहम्मद नजाक ने कोतवाली नगर में अब्दुल कादिर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल नगर बृजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।