नवनिर्मित नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार गाड़ियां मौत का सबब बनती जा रही है। बुधवार को एक तेज रफ्तार एसयूवी ने साइकिल सवार पिता-पुत्री को रौंद दिया। घटना स्थल पर ही दोनोें की मौत हो गई। एसयूवी चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। पुलिस गाड़ी को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
बलरामपुर देहात थाना क्षेत्र के ग्राम भीखमपुर निवासी चंद्रभान चौहान (33) पुत्र रामछवि आठ वर्षीय बेटी विद्यावती को साइकिल से लेकर बुधवार को बलरामपुर की तरफ आ रहे थे। चंद्रभान को ससुराल जुआथान जाना था।
रास्ते में हरिहरगंज के निकट स्थित रेनुआ बाबा मंदिर के सामने चंद्रभान की साइकिल को पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित एसयूवी ने ठोकर मार दी। घटना में बाप-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। एसयूवी चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतकों का शव जिला अस्पताल लाया गया है। थानाध्यक्ष देहात संजय कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसयूवी को कब्जे में ले लिया गया है। वाहन स्वामी की तलाश की जा रही है।
चंद्रभान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। चंद्रभान की पत्नी, दस वर्ष का बेटा व तीन वर्ष छोटी बेटी है। वह परिवार का भरण-पोषण खेती व मेहनत मजदूरी कर कर रहा था। चंद्रभान को पिछले साल फालिस अटैक हुआ था। बीमारी का इलाज चल ही रहा था कि बुधवार को हादसे ने उसकी व आठ साल की बेटी की मौत हो गई।