तीन माध्यमिक स्कूलों के 9 शिक्षक व कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। इन शिक्षकों तथा कर्मचारियों की अवैध तरीके से नियुक्ति की गई थी।
शिक्षा निदेशक उत्तर प्रदेश अमर नाथ वर्मा ने डीएम को भेजे गए कार्रवाई पत्र में कहा है कि डीआईओएस ने किसान इंटर कालेज पचपेड़वा, हाजी इस्माइल इंटर कालेज सादुल्लाहनगर क्रमश: खुर्शीद अहमद, अशफाक अहमद, अल्ताफ हुसैन, तवरेज आलम व मो. इलियास की शिक्षक पद पर तथा दयानंद आर्यवैदिक इंटर कालेज बलरामपुर में शिक्षणेत्तर कर्मचारी यासीन, मनोज कुमार त्रिपाठी, रनवीर सिंह एवं जगदम्बा प्रसाद की नियुक्ति अवैधानिक ढंग से करके अनुमोदन प्रदान किया गया।
निदेशक ने इन सभी नियुक्तियों को निरस्त करते हुए सभी शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। निदेशक ने इन फर्जी नियुक्तियों के संबंध में डीआईओएस को उत्तरदायी माना है। डीएम राम विशाल मिश्र का कहना है कि जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।