दहेज में 50 हजार रुपये, बाइक, सोने की चेन व अंगूठी न मिलने पर ससुरालियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास व ससुर के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया है।
मामला करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के गुरसड़ी गांव का है। बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कंछर परशुराम पुरवा निवासी रामकृपाल ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रामकृपाल का आरोप है कि उसने अपनी पुत्री माला देवी की शादी दो जून 2009 को गुरसड़ी गांव निवासी संजीत कुमार पुत्र ओमप्रकाश के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुरालीजन दहेज में 50 हजार रुपये, मोटरसाइकिल, सोने की चेन व अंगूठी की मांग करते हुए उसकी पुत्री को प्रताड़ित करने लगे।
मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने बीती 10 जून को उसको पुत्री को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद 15 जून को संजीत कुमार ने एक लड़की से शादी कर ली। कोतवाली पुलिस ने रामकृपाल की तहरीर पर पति संजीत कुमार, ससुर ओम प्रकाश, सास श्यामपती के विरुद्ध दहेज अधिनियम व मारपीट कर प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया है।