साक्षर भारत योजना के अंतर्गत नवसाक्षरों की परीक्षा के दौरान रविवार को जिला समन्वयक साक्षरता शिशिर श्रीवास्तव व प्रेरक आरती तिवारी आपस में भिड़ गए। इस मामले में प्रेरक ने जिला समनव्यक पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए नगर कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं जिला समन्वयक ने भी प्रेरक पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
झंझरी शिक्षा क्षेत्र के लोक शिक्षा केंद्र मझौवा लक्ष्मणपुर में तैनात प्रेरक आरती तिवारी ने बताया कि रविवार को वह अपने केंद्र पर नवसाक्षरों की परीक्षा करा रही थी तभी साक्षरता के जिला समन्वयक शिशिर श्रीवास्तव केंद्र की जांच के लिए पहुंच गए।
आरती का आरोप है कि जिला समन्वयक ने जांच के नाम पर उसका रजिस्टर फाड़ दिया और उनसे अभद्रता की। वहीं जिला समन्वयक शिशिर श्रीवास्तव का कहना है कि परीक्षा ठीक ढंग से न कराने को लेकर जब उन्होंने आरती से सवाल किया तो उन्होंने गांव वालों के साथ मिलकर उन्हें मारा पीटा।
इस मामले में दोनाें पक्षों ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है। नगर कोतवाल सुनील कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडेय ने बताया कि इस प्रकरण में खंड शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी।