बिजली का बिल जमा कर गुरुवार दोपहर घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों को एक तेज रफ्तार डीसीएम ने रौंद दिया। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कटरा शिवदयालगंज निवासी देवीप्रसाद और झगरू भाई हैं। देवीप्रसाद का पुत्र सचिन कुमार (22) व झगरू का पुत्र भरतलाल गुरुवार को बिजली का बिल जमा करने के लिए एक बाइक से गोंडा गए थे। बिल जमा करने के बाद दोनों एक ही बाइक से घर जा रहे थे।
फैजाबाद रोड पर खोरहंसा से पहले पांडेयपुर गांव के नजदीक एक वाहन को ओवरटेक करते समय फैजाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने दोनों को रौंद दिया। खोरहंसा पुलिस की मदद से क्षेत्रीय लोगों ने दोनों को प्राइवेट वाहन से तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
लेकिन तब तक चचेरे भाइयों की सांसे थम चुकी थी। हादसे की सूचना जैसे ही परिवार वालों को मिली, पूरे गांव में रोना-पिटना मच गया। चौकी इंचार्ज खोरहंसा रतन पांडेय ने बताया कि फैजाबाद रोड पर पांडेयपुर गांव के पास हुए हादसे में डीसीएम पकड़ ली गई है। आरोपी ड्राइवर भाग गया। हादसे में मारे गए दोनों चचेरे भाइयों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।