उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के दो गांवों में गुरुवार की भोर में डकैतों ने धावा बोला। बरौली कलहंसपुरवा गांव में घुसे बदमाशों ने एक घर से नगदी-जेवर पार कर दिया वहीं दूसरे घर में गृहस्वामी के जाग जाने से बदमाशों को भागना पड़ा। यहां से निकलने के बाद डकैतों ने पड़ोस के मुकुंदपुर के मजरा रामपाल हाता में भी धावा बोलकर लूटपाट की। इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने दो लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र में बुधवार से शुरू हुआ बदमाशों के तांडव का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। गुरुवार की भोर में बदमाशों ने पहले थाना क्षेत्र बरौली कलहंसपुरवा गांव में धावा बोला।
इस गांव के संतोष मिश्रा के घर में घुसकर बदमाश 10 हजार रुपये की नगदी समेत करीब 50 हजार रुपये के जेवर उठा ले गए। इसके बाद बदमाशों ने इसी गांव के रामकरन सिंह के घर पर धावा बोला लेकिन आहट पाकर रामकरन जाग गए और उन्होंने बदमाशों को ललकारा। विरोध करने पर बदमाशों ने रामकरन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
यहां से भागने के बाद बदमाश सुबह करीब चार बजे पड़ोस के गांव मुकुंदपुर के मजरा रामपाल हाता पहुंचे और यहां के रहने वाले गादुर गोड़िया के घर में धावा बोला। बदमाशों को घर में घुसा देख गादुर ने शोर मचाया तो उसका बेटा मोहन बदमाशों से भिड़ गया लेकिन बदमाशों ने बाप-बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके घर से करीब 50 हजार रुपये के जेवर लूट ले गए।
गुरुवार की सुबह गांव के थोड़ी ही दूर पर संतोष मिश्रा का टूटा बक्सा बरामद हुआ। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।