बग्गी रोड बाजार में क्राकरी की दुकान के साथ ही बीसी (बिजनेस क्रेडिट) का संचालन करने वाला एक व्यक्ति लोगों के करीब एक करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया। बीसी से जुड़े क्षेत्र के लोगों ने एक माह तक उसकी तलाश की। कुछ पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी है। पुलिस का कहना है कि बीसी से जुड़े लोगों ने अभी तक उन्हें कोई तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धानेपुर बाजार का रहने वाला एक व्यक्ति करीब 25 वर्ष से बग्गी रोड बाजार में क्राकरी की दुकान चलाता है। दुकान के साथ ही क्षेत्र के छोटे-बड़े व्यापारियों के साथ मिलकर वह करीब एक दर्जन बीसी (बिजनेस क्रेडिट) का संचालन करता था। इस बीसी में बड़े व्यापारियों के साथ-साथ ठेला व खोमचा लगाकर जीवन यापन करने वाले तमाम लोगों ने भी पैसा लगा रखा था।
लोगों की मानें तो बीसी चलाने वाला व्यक्ति पिछले माह लोगों का करीब एक करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया। दुकान बंद होने पर कुछ दिन तक तो लोगों ने ध्यान नहीं दिया। मगर करीब एक माह तक दुकान नहीं खुली तो लोगों को उसके भागने का शक हुआ। आरोपी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है और तलाशने पर भी उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। बीसी संचालक के फरार होने से बड़े-बड़े व्यापारियों के साथ ही ठेला व खोमचा लगाने वाले लोगों को बड़ा झटका लगा है।
जिन लोगों की रकम बीसी में डूबी है, उन सभी ने रविवार को बैठक की और फिर उसके बाद थाने में बीसी संचालक के फरार होेने की खबर दी।
थानाध्यक्ष धानेपुर रमाशंकर यादव का कहना है कि बीसी से जुड़े लोगों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।