तपिश बढ़ते ही आग ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को दो गांवों में आग लगने से छप्पर के 17 घर जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से 10 बकरियां झुलसकर मर गईं। आग से साढे़ तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कटराबाजार थाना क्षेत्र के गंडाही गांव के मजरा पांडेय पुरवा में गुरुवार की दोपहर अज्ञात कारणों से जगदीश के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पड़ोस के हरिप्रसाद, ननके, गोमती, भुलई, छेदी, श्रीचंद, जोखू, बदल, इतवारी, सरजू, रामआसरे, सत्यनारायन व रामस्वरूप के घरों को भी चपेट में ले लिया।
व के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, मगर तेज हवा के कारण आग बढ़ती गई और सभी के छप्पर जलकर राख हो गए। हलका लेखपाल राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने बताया कि आग से दो लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
वहीं, कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के मिश्रौलिया गोसांई गांव के मजरा बनकटवा में बुधवार की रात रज्जब अली के छप्पर के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे घर कर सारा सामान जल गया।
आग की चपेट में आने से रज्जब अली व अरुबुननिशां की पांच-पांच बकरियां भी झुलस कर मर गईं। आग से असगर अली के घर का अनाज व अन्य सामान भी जल गया। लेखपाल शेष प्रताप सिंह ने बताया कि आग से 70 हजार रुपये की क्षति हुई है।