खरगूपुर (गोंडा)। रंजीत नगर के मजरे बढ़ई पुरवा में दहेज में बाइक नहीं मिली तो ससुराल वालों ने विवाहिता को पीट-पीटकर मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में विवाहिता के भाई ने थाना खरगूपुर में पति समेत दो लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना इटियाथोक क्षेत्र के जुगराजपुर कठौवा गांव के रहने वाले अशरफी लाल वर्मा ने थाना खरगूूपुर में शुक्रवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बहन कंचन उर्फ सुषमा (21) की शादी तीन साल पहले खरगूपुर थाना क्षेत्र के रंजीत नगर के मजरे बढ़ई पुरवा के रहने वाले ननके उर्फ सत्यनारायन के बेटे राजेश वर्मा के साथ की थी।
शादी के कुछ दिनों बाद से कंचन का पति राजेश दहेज में बाइक की मांग के लिए उसे प्रताड़ित किया करता था। राजेश अक्सर कंचन को मारता-पीटता था और उसे मायके भेज दिया करता था। अशरफीलाल ने बताया कि कंचन को समझा का ससुराल भेज दिया जाता था। इसी बीच कंचन ने एक बेटे को जन्म दिया, जो चार माह का है। अशरफी लाल का आरोप है कि पति राजेश व श्वसुर ननके उर्फ सत्यनारायन ने गुुरुवार की शाम उनकी बहन कंचन को पीट-पीटकर मार डाला।
अशरफीलाल ने थाना खरगूपुर में कंचन के पति राजेश वर्मा व श्वसुर ननके उर्फ सत्यनारायन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष खरगूपुर संतोष तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बताया कि कंचन के बेटे को मायके वाले साथ ले गए।