मिठाई की दुकान पर टेंट लगाते समय हुआ हादसा
गोंडा। धानेपुर थाना क्षेत्र के मेंघवा गांव के मजरे मौरहवा के रहने वाले एक युवक की गुरुवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद बाजार में मातम छा गया और उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
धानेपुर थाना क्षेत्र के मेंघवा गांव के मजरा मौरहवा का रहने वाला राधेश्याम (38) दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करता था। गुरुवार को वह घर से मजदूरी करने निकला था और मोतीगंज थाना क्षेत्र के रामनगर बाजार आया था।
बाजार में उसे बुधराम गुप्ता ने अपनी मिठाई की दुकान पर टेंट लगाने के लिए बुला लिया। टेंट लगाते समय राधेश्याम दुकान के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन को नहीं देख सका और लोहे की पाइप बिजली लाइन में छू गया।
इससे पाइप में करंट उतर आया और राधेश्याम बुरी तरह से झुलस गया। आसपास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े लेकिन राधेश्याम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद बाजार में मातम पसर गया और राधेश्याम के परिवार में कोहराम मच गया। परिवारीजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।