आग से 60 हजार नकदी समेत पांच लाख का सामान जलकर राख
नवाबगंज (गोंडा)। थाना क्षेत्र वजीरगंज के किनारे स्थित गढ़ी गाँव के राम निहाल के छप्पर के घर में आग लग गई। इससे गांव में पांच घर जलकर स्वाहा हो गए। इन पांच घरो में करीब साठ हजार नकद सहित पांच लाख का सामान जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र वजीरगंज व नवाबगंज की सीमा पर स्थित गढ़ी गाँव मे गुरुवार की सायं पांच बजे रामनिहाल के छप्पर के घर में आग लग गई। आग कैसे लगी यह जब तक लोग जान पाते तब तक आग ने भयानक रूप ले लिया और देखते ही देखते पांच घरों को आगोश में ले लिया।
आग फैलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। जब तक गांव के लोग कुछ समझ पाते तब तक गांव के गजराज, राम विलास, लखन व किशोर के भी छप्पर के घर आग की चपेट में आ गये। इन घरों में रखा अनाज, जेवर व नकद रुपये जलकर राख हो गये।
इस घटना के बाबत गांव के प्रधान प्रतिनिधि भगवान बक्स सिंह ने बताया कि आग से गजराज के घर में बाक्स में रखा 20000 नकद व दो जोड़ी पायल व सोने की अंगूठी, रामविलास के 40000 हजार नकद व तीन थान सोने के जेवर, लखन के 10000 सहित पांच घरों के करीब पांच लाख रुपये के सामान जेवरात व घरेलु सामान व अनाज जलकर खाक हो गये है।
प्रधान प्रतिनिधि भगवान बक्श सिंह ने बताया कि इसकी सूचना हल्का लेखपाल को दे दी गई है। उनके आने पर क्षति का आंकलन हो सकेगा।