कार व बाइक की भिड़ंत में एक की मौत, तीन घायल
नवाबगंज के परसापुर गांव समीप हाइवे पर हुआ हादसा
नवाबगंज। फैजाबाद हाइवे पर नवाबगंज थाना क्षेत्र के परसापुर गांव के समीप बुधवार को एक कार व बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कार सवार दो लोगों को भी गंभीर चोट आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे में अपनी जान गंवाने वाले युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गोंडा गिर्द के रहने वाले कार चालक मो याकूब ने बताया कि वह अपने पिता उस्मान व चचेरे भाई इफ्तखार (35) के साथ अपने एक रिश्तेदार की मिट्टी में शामिल होने के लिए नवाबगंज जा रहा था। याकूब के मुताबिक वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के परसापुर गांव के समीप पहुंचा ही था कि फैजाबाद की तरफ से आ रही एक बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला पहिया टूटकर तीन टुकड़ों में बंट गया और बाइक चला रहे दोनो युवक उछलकर दूर जा गिरे। वहीं कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक सुरेंद्र गिरि 32 निवासी महादेवा केशवपुर पहड़वा थाना कोतवाली देहात की हेलमेट छिटककर दूर जा गिरी और सिर व सीने में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक राजितराम यादव (34) निवासी मधईपुर थाना कोतवाली देहात गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे में कार चालक याकूब (40) व उसके पिता उस्मान (73) भी घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए नवाबगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से डाक्टरों ने राजितराम की हालत को गंभीर बताते हुए उसे जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष नवाबगंज मनीष जाटव ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
ट्रक की टक्कर से वृद्ध की मौत
गोंडा। कौड़िया थाना क्षेत्र के भवनियापुर गांव के रहने वाले रामनरायन 60 मंगलवार की शाम को सब्जी खरीदने के लिए मल्लापुर बाजार आए थे। सड़क पार करते समय वह एक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था जहां बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।