ट्रॉली से जबरन उतार लिया खंभा, पूछने पर झोंका फायर
गोंडा। गंगापुर गांव में चल रहे विद्युतीकरण के दौरान ट्रैक्टर ट्राली से लाए गए खंभे को कुछ लोगों ने जबरन उतरवा लिया। इसकी जानकारी होने पर गांव के ही लोग पूछने पहुंचे तो तमंचा लेकर दौड़ा लिया और फायर झोंक दिया। मामले में कोतवाली नगर में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के गंगापुर के रहने वाले अवधेश कुमार मिश्र ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसके घर के सामने लोक निर्माण विभाग की सड़क किनारे विद्युतीकरण का काम चल रहा था। मजदूर ट्रैक्टर ट्रॉली से विद्युत खंभा ला रहे थे।
अवधेश का आरोप है कि तभी इसी गांव के रहने वाले कुलदीप, राजेश, विनोद व सौरभ समेत पांच लोग वहां आ धमके और रास्ते में रोककर जबरन विद्युत खंभा उतरवा लिया।
अवधेश का आरोप है कि मजदूर की सूचना पर अपने भांजे प्रिन्स शुक्ला के साथ वहां पहुंचा और खंभा उतरवाने का कारण पूछा तो सौरभ ने तमंचा लेकर दौड़ा लिया और प्रिन्स पर फायर झोंक दिया।
जिससे प्रिन्स नीचे गिर गया तो उसे लाठी-डंडे से मारने लगे। शोर सुनकर गांव के तमाम लोग वहां आ गए तब प्रिन्स की जान बच सकी। मामले में अवधेश कुमार मिश्र ने कोतवाली नगर में कुलदीप, राजेश, विनोद व सौरभ समेत पांच लोगों के खिलाफ बलबा, जानलेवा हमला व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।