अवैध खनन में जेसीबी सहित छह वाहन सीज
करनैलगंज(गोंडा)। अवैध मिट्टी व बालू खनन के मामले में करनैलगंज तहसील एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। गुरुवार देर शाम को तहसील के ग्राम नगवा कला में अवैध खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ एक जेसीबी मशीन पकड़ी गई।
मौके से सभी वाहनों के चालक फरार हो गये। वहीं पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर चालकों के विरुद्ध चोरी से अवैध खनन करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
अवैध बालू खनन को लेकर लगातार सुर्खियों में रही करनैलगंज तहसील क्षेत्र में अवैध तरीके से बालू व मिट्टी के खनन का धंधा बंद नहीं हो रहा है। राजस्व के अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका भी कम संदिग्ध नहीं है।
गुरुवार की शाम को कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम नगवा कला में अवैध खनन की सूचना मिली तो नवागत कोतवाल वेद प्रकाश श्रीवास्तव मय फोर्स तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर वहां मौजूद एक जेसीबी व पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गए।
पुलिस ने इसकी सूचना एसडीएम व तहसीलदार को दी। सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली में दाखिल कर दिया। अवैध खनन के मामले में करनैलगंज तहसील के ग्राम चरसड़ी, रुदौली, कुर्था एवं नगवा, गोड़वा गांव लगातार चर्चा में रहे हैं। इसके अलावा ईंट भट्ठों पर ईंट की पथाई करने के लिए अवैध तरीके से मिट्टी के खनन का दौर बदस्तूर जारी है।
रातों रात जेसीबी से सैकड़ों ट्राली मिट्टी या बालू को खोदकर उसका वारा न्यारा कर दिया जाता है। नगवा में पकड़े गये अवैध खनन स्थल से करीब सैकड़ों ट्रॉली मिट्टी निकलने का साक्ष्य मिलने के बाद भी प्रशासन ने महज वाहनों व जेसीबी संचालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराकर मामले को दबाने की कोशिश में लगे रहे। मिट्टी किसकी भूमि से खोदी जा रही थी तथा किसके निर्देश पर खनन हो रहा था। इसको जानने का प्रयास तक नहीं किया गया।
नायब की रिपोर्ट पर छह के खिलाफ केस
एसडीएम करनैगलंज द्वारा मालती देवी पत्नी नन्द कुमार निवासी ग्राम नगवा कला के नाम से 10 ट्रॉली मिट्टी खनन की अनुमति जारी की गई थी। जिसमें राजस्व निरीक्षक को अपनी देखरेख में खनन कराने का निर्देश भी दिया गया था।
जिसकी एक प्रति सूचना के लिए कोतवाली पुलिस को भी दी गई थी। इस अनुमति के नाम पर ऐसे अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा था। नवागत कोतवाल वेद प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि अवैध खनन की सूचना पर वाहनों को पकड़ा गया तथा नायब तहसीलदार विजय कुमार गुप्तकी तहरीर पर छ: लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जिसकी जांच की जा रही है।