जीप ने अधेड़ को मारी टक्कर, मौके पर ही मौत
रुपईडीह (गोंडा)। गोंडा-बहराइच मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर थाना खरगूपुर अंतर्गत सिंह ढाबे के पास साइकिल सवार व्यक्ति को जीप ने टक्कर मार दी। इसमें अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना लोगों ने खरगूपुर पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जीप व चालक को हिरासत में ले लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गोंडा-बहराइच मार्ग पर थाना खरगूपुर अंतर्गत सिंह ढाबे के सामने पहुचकट्टा विशेश्वरगंज बहराइच से कौड़िया थाना क्षेत्र के रमवापुर गोविंदा जा रहे साइकिल सवार जयराम पांडेय को पीछे से सवारी लेकर जा रही कमांडर जीप ने ठोकर मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक व्यक्ति बहराइच जिले के विशेश्वरगंज के पहुचकट्टा गांव में शिव कुमार दुबे के यहां गुरुवार शाम सत्तैसा कार्यक्रम में गया हुआ था। वह शुक्रवार को वहीं से वापस आ रहा था।
इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी खरगूपुर के एसआई दिनकर शुक्ला मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा। वहीं पुलिस चौकी आर्यनगर पर चौकी प्रभारी एसएन राय ने चालक व वाहन को कब्जे में ले लिया।