बीडीसी सदस्य के घर से पांच लाख की चोरी
रुपईडीह (गोंडा)। कौड़िया बाजार से सटे कौड़िया मिश्र गांव में चोरों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया। गांव के बीडीसी सदस्य के घर में बयाला काट कर घुसे चोरों ने घर की आलमारी में रखे 2.85 लाख नगद रुपयों के साथ तकरीबन सवा दो लाख के जेवर घर से पार कर दिए।
बीडीसी सदस्य शिवशंकर मिश्र की ओर से मामले की तहरीर थाने पर दी गई है। थानाध्यक्ष जीतेन्द्र ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
गुरुवार की रात चोरों ने कौड़िया बाजार से सटे कौड़िया मिश्र गांव में रहने वाले बीडीसी सदस्य शिवशंकर मिश्र के घर को अपना निशाना बनाया। चोर शिवशंकर के घर में बयाला काटकर भीतर घुसे और आलमारी में रखे 2.85 लाख रुपए नगद के साथ सवा दो लाख के जेवर पार कर ले गए।
शिवशंकर मिश्र के मुताबिक चोर उनके घर की आलमारी में रखे 2.85 लाख रुपए नगद के साथ 75 चांदी के सिक्के, 2 सोने की चेन व पांच सोने की ही अंगूठियां, पायल व करधन इत्यादि चुरा ले गए हैं।
जिसकी अनुमानित कीमत सवा दो लाख रुपए के करीब है। शिवशंकर मिश्र ने मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ कौड़िया बाजार थाने में तहरीर दी है। वहीं कौड़िया बाजार थानाध्यक्ष जितेंद्र का कहना है कि वह मामले की छानबीन अपने स्तर से कर रहे हैं। तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
तीन घरों में चोरी, एक चोर धराया
कटराबाजार (गोंडा)। उधर गुरुवार की रात ही कौड़िया बाजार थाने से महज 6 किलोमीटर दूर कटराबाजार थानाक्षेत्र के तीन मजरों से चोर 13 हजार की नगदी व एक लाख रुपए के कीमती सामान पार कर ले गए। इन्हीं में से एक चोर को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
मगुरही बाजार के मजरा अवदान पुरवा निवासी महेश पासवान के घर में कुछ चोर खिड़की निकाल कर घर के भीतर घुसे और घर में रखा सात सौ नगद, दो जोड़ी पायल व तीन जोड़ी बिछिया लेकर भाग रहे थे कि तभी घर के लोग जाग गए और चोर का पीछा कर उसे गन्ने के खेत से पकड़ लिया।
जिसे बाद में घर वालों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए चोर ने अपना नाम मुल्क राज निवासी रायपुर नसौरा थाना बौंडी जनपद बहराइच बताया। महेश के मुताबिक उन्ही के पड़ोसी जमुना प्रसाद व रामायण दत्त के घर मे भी चोरों ने घुसकर 12 हजार की नगदी, एक मोबाइल फोन एक पायल व पांच साड़ी चुराई थी।
लेकिन उस चोर के अन्य साथी भागने में सफल रहे। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि महेश पासवान की तहरीर पर पकड़े गए युवक के अलावा पांच लोगों के मामला दर्ज किया गया है।