चोरी के आरोप में शिक्षिका ने छात्रा को पीटा
शिकायत पर बीएसए ने डीसी बालिका को सौंपी जांच
अमर उजाला ब्यूरो
नबावगंज गोंडा। क्षेत्र के महेशपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ने वाली एक छात्रा को विद्यालय की शिक्षिका ने सोमवार को चोरी का आरोप लगाकर जमकर पीटा। छात्रा के पिता का आरोप है कि शिक्षिका ने तलाशी के लिए छात्रा के कपड़े तक फाड़ दिए। छात्रा के अभिभावक की शिकायत पर बीएसए ने बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक को जांच के आदेश दिए हैं।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के पांडेय टिकरी गांव की एक छात्रा महेशपुर गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आठवीं का छात्रा हैं। छात्रा के पिता का कहना है कि सोमवार को विद्यालय की शिक्षिका शालिनी वर्मा ने रूबी पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसे बुरी तरह से पीटा। आरोप है कि शिक्षिका ने तलाशी लेने के नाम पर छात्रा के कपड़े भी फाड़ दिए। रूबी से इस घटना की सूचना मिलने पर जब वह स्कूल पहुंचे और शिक्षिका से छात्रा को पीटे जाने के बाबत जानकारी की तो शिक्षिका ने अभद्रता करते हुए उनका भी हाथ पैर तोड़ देने की धमकी दी। इस पर देवानंद ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र देकर उन्हे पूरी घटना बताई। बीएसए ने बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक रजनी श्रीवास्तव को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इस संबंध में शिक्षिका शालिनी वर्मा का कहना है कि सोमवार को उनके पर्स से करीबग 750 रु पये गायब हो गए थे। इसी को लेकर उन्होंने छात्राओं से पूछताछ की थी। पीटने का आरोप निराधार है।