40 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
गोंडा। देहात कोतवाली पुलिस ने सोमवार को 40 हजार के एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके पास से असलहा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह ने बताया कि कुख्यात अपराधी शेष नारायण को देहात क्षेत्र में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। एसपी के मुताबिक उसके पास से असलहा, कारतूस व 3800 रुपये नगद बरामद हुए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त ने अपने अन्य साथियों संग मिलकर गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में 14 अगस्त को नेपाल से सरिया लादकर बिहार जा रहे व्यवसायी सुरेश की हत्या कर लूट लिया था।
गोरखपुर पुलिस ने शेष नारायण पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। एसपी ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र में भी एक लूट के मामले में आरोपी शेष नारायण पर गोंडा पुलिस ने 15 हजार का इनाम घोषित किया था।
उन्होंने बताया कि देहात कोतवाल हर्षवर्धन की टीम ने अभियुक्त शेष नारायण को सोमवार को गिरफ्तार किया है।