बारातियों को पीटकर 55 हजार नकद व 60 हजार के जेवर लूटे
गोंडा। धानेपुर के रानीजोत गांव के समीप शनिवार रात में वाहन टकराने के विवाद को लेकर गांव के कोटेदार के बेटे ने अपने साथियों संग मिलकर बारात जा रहे लोगों को जमकर पीटा और दूल्हे के पिता से 55 हजार रुपये की नकदी व करीब 60 हजार के जेवर लूट लिए।
दबंगों की पिटाई से शिक्षक नेता समेत छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग निकले। इस मामले में पीड़ितों की तरफ से दो नामजद आरोपियों समेत दर्जन भर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के बरगदही गांव के रहने वाले रामकुमार के मुताबिक शनिवार को उनके बेटे की शादी थी। देर शाम करीब सात बजे बारात धानेपुर थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव जा रही थी।
रामकुमार ने बताया कि बारात धानेपुर थाना क्षेत्र के रानीजोत गांव के समीप पंहुची ही थी कि गांव के कोटेदार बेकारू के बेटे ने अपनी कार से बारातियों के वाहन में टक्कर मार दी। इस पर वाहन में बैठे प्रमोद कुमार ने विरोध जताया तो आरोपियों ने बारातियों के वाहन पर पथराव शरू कर दिया।
बाराती जब तक संभल पाते तब तक दर्जनभर दबंगों ने निहत्थे बारातियों पर धावा बोल दिया और सभी को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। करीब आधे घंटे तक निहत्थे बाराती पिटते रहे मगर दबंगों की दहशत के सामने किसी राहगीर की बीचबचाव कराने की हिम्मत नहीं हुई।
इस पिटाई में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के इटियाथोक ब्लॉक अध्यक्ष मनोज मिश्रा, प्रमोद मिश्रा, अरुण कुमार व दूल्हे के पिता रामकुमार समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दबंगों ने दूल्हे के पिता से 55 हजार रुपये की नकदी व करीब 60 हजार का जेवर भी लूट लिया। पीड़ितों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग निकले। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजेहना में भर्ती कराया।
इस मामले में पीड़ित रामकुमार की तहरीर पर कोटेदार बेकारू, हन्नान व कोटेदार के बेटे समेत दर्जन भर लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं। थानाध्यक्ष अतुल चतुर्वेदी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।