सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा नवाबगंज में शनिवार को दोपहर रुपये निकालने आई लोहिया आवास योजना की एक लाभार्थी महिला के 1.37 लाख रुपये उचक्कों ने बैंक से पार कर दिए। इस मामले में पीड़िता ने नवाबगंज थाने में उचक्कों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के चौखड़िया गांव के रहने वाले सलहंती ने बताया कि उसकी पत्नी प्राणदेवी का सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा नवाबगंज में खाता है।
सलहंती के मुताबिक उसकी पत्नी सुबह लोहिया आवास की पहली किस्त के रुपये निकालने के लिए सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा नवाबगंज गई थी। वहां उसके गांव का ही रहने वाला रोजगार सेवक रवींद्र कुमार मिल गया।
सलहंती ने बताया कि उसकी पत्नी ने रवींद्र से रुपये निकालने में मदद मांगी। रवींद्र ने उसका विड्राल फॉर्म भर दिया। विड्राल फॉर्म पर उसकी पत्नी से अंगूठा का निशान लगवाने के बाद एक लाख 37 हजार 500 रुपये निकाले।
सलहंती ने बताया कि जब उसने रुपये निकाले तो उसमें एक-एक हजार के तीन नोट फटे थे, जिसे बदलने के बाद रवींद्र ने रुपयों से भरा थैला उसकी पत्नी को दे दिया।
वह रुपयों से भरा थैला कैश काउंटर के पास रखकर बात करने लगी। इसी बीच उचक्कों ने रुपयों से भरा थैला पार कर दिया। इस मामले में सलहंती ने नवाबगंज थाने में उचक्कों के खिलाफ तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष नवाबगंज रामनगीना सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।
उधर, सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा नवाबगंज के प्रबंधक एसके पांडेय ने बताया कि महिला की लापरवाही से रुपये चोरी हुए हैं। इसमें बैंक की कोई लापरवाही नहीं है।
उन्होंने बताया कि अगर पुलिस सीसीटीवी फुटेज मांगेगी तो उसे उपलब्ध कराया जाएगा।