फोटो-7-गोंडा में खरगूपुर थाना क्षेत्र के बलुआ ककरा गांव में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। -संवाद
- फोटो : GONDA
खरगूपुर (गोंडा)। कस्बे के ग्राम पंचायत बलुआ ककरा के मजरा ककरा में एक ही रात में छह घरों में चोरों ने धावा बोलकर नकदी सहित लाखों रुपयों के जेवर, मोबाइल फोन, कपड़ा व अनाज पार कर दिया। ताबड़तोड़ एक ही रात छह घरों में चोरी होने के बावजूद एसओ का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बलुआ ककरा के मजरा ककरा निवासी नसरुद्दीन खान के यहां रात में चोरों ने कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर सूटकेस में रखा 15 हजार नकद, कपड़ा व 55 हजार कीमत के तीन फोन ले गए। यहां परिजन कमरे के दरवाजे में कुंडा बाहर से बंद कर बरामदे में सो गए थे। इसी गांव में शब्बीर खान के यहां दरवाजे का कुंडा खोलकर चोर अंदर घुस गए और अंदर रखा पांच हजार रुपये नकद, कपड़ा आदि सामान को चोर चुरा ले गए। गांव के बगल स्थित ककरा द्वितीय में जगराम वर्मा का मोबाइल फोन चोर पार कर दिए।
इसी गांव में सीताराम के किराने की दुकान से हजारों रुपयों कीमत के किराना सामान चोर उठा ले गए। यहीं के भगवत प्रसाद वर्मा के नल का हैंडल चोर खोल ले गए। वहीं बलुआ ककरा के मजरा करिया पुरवा निवासी राजेश वर्मा के यहां नकब लगाकर चोरों ने एक क्विंटल चावल, कपड़ा व कैटरिंग से संबंधित सभी सामान को चुरा ले गए। पीड़ितों ने डायल 112 को चोरी की सूचना दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष कुबेर तिवारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ऐसे कोई जानकारी नहीं है। पता करवा रहे हैं। (संवाद)