मोतीगंज (गोंडा)। जेसीबी से खनन की शिकायत करना एक अधिवक्ता को भारी पड़ गया। अधिवक्ता को रास्ते में रोककर ग्राम प्रधान ने अपने साथियों संग मिलकर जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोठिया निवासी अधिवक्ता राजेश ने थाने पर तहरीर दी में कहा कि शनिवार शाम करीब सात बजे कचहरी से वापस घर आया तो देखा कि सोठिया गांव के डीह पर जेसीबी से मिट्टी खनन किया जा रहा था। इसकी सूचना खनन विभाग और पुलिस को दी। इसके बाद वह घर जाने लगे तो सुमेरीपुर गांव के पास रास्ते में ग्राम प्रधान झिन्नू व उसके समर्थक ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि उसे गाड़ी से खींचकर पटक दिया और दोनों लोग मारने-पीटने लगे। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। ग्राम प्रधान का कहना है कि आरोप निराधार है। उन्हें फंसाया जा रहा है। इस मामले से उनका कोई लेना देना नहीं है। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रधान झिन्नू पांडेय व अमित पांडेय पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है। संवाद