गोंडा। बाबू ईश्वर शरण जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. अखिलेश त्रिपाठी पर हमले के मुख्य आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक व दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा। गुरुवार को कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों को जेल भेजा गया। जबकि फरार व चर्चित आरोपी अभय सिंह वारदात के पांच दिनों बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लगा। टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र के अफीम कोठी के पास रहने वाले डॉ. अखिलेश त्रिपाठी जिला अस्पताल में संविदा पर नियुक्त हैं। डॉ. अखिलेश पांच फरवरी की रात जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी का राउंड करने के बाद कार से अपने घर जाने के लिए निकले थे।
जिला अस्पताल गेट पर वह पहुंचे ही थे, तभी एक्सरे संचालक अभय सिंह, मेडिकल स्टोर संचालक आशुतोष मिश्र उर्फ रिंकू समेत 20 लोगों ने चिकित्सक को रोक लिया और उन्हें मारा-पीटा। हमले में बेहोश हो गए थे। पीड़ित डॉक्टर ने कोतवाली नगर में आशुतोष मिश्र व अभय सिंह समेत 20 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इधर, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर डॉ. अखिलेश ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों को पत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी कराने की गुहार लगाई थी। पुलिस उपाधीक्षक (नगर) लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि गुरुवार को मुख्य आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक आशुतोष मिश्र उर्फ रिंकू निवासी छेदी पुरवा, पवन कुुमार तिवारी निवासी जिला अस्पताल परिसर व श्यामजी उर्फ विशाल सिंह निवासी खिरिया मझगवां थाना वजीरगंज को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी अभय सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।