गोंडा। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के डिक्सिर गांव के मजरे वैश्यपुरवा में मंगलवार देर रात घर के बाहर चारपाई पर सोते समय प्रधान प्रतिनिधि के दो भाइयों पर हमलावरों ने धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में प्रधान प्रतिनिधि के चचेरे भाई की मौत हो गई। जबकि उनका सगा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मामले में प्रधान प्रतिनिधि ने थाना उमरी बेगमगंज में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बुधवार सुबह एसपी आकाश तोमर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खुलासे के लिए एसओजी समेत तीन टीमें लगाईं हैं।
उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के डिक्सिर गांव की प्रधान विनय सिंह के प्रतिनिधि रामभान सिंह ने बताया कि वह गांव में टावर के पास बने घर में रहते हैं, जबकि छोटा भाई कृष्ण भान सिंह (35) व चचेरा भाई बृजेश सिंह (30) गांव में रहते हैं। रामभान के मुताबिक मंगलवार रात उनके दोनों भाई घर के बाहर सो रहे थे।
तभी देर रात तकरीबन एक बजे हमलावरों ने दोनों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसमें बृजेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और कृष्ण भान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख सुनकर रामभान की मां जाग गईं और शोर मचाने लगीं तो बदमाश चौपहिया गाड़ी से भाग गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। कृष्ण भान सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की सूचना पर सीओ तरबगंज संसार सिंह राठी व थानाध्यक्ष मुकेश पांडेय ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने डॉग स्क्वाएड बुलाया। मगर खोजी कुत्ता गांव में ही दौड़ता रहा और हत्यारों का सुुराग नहीं दे सका। पुलिस हत्या का कारण तलाश रही है।
प्रधान प्रतिनिधि रामभान सिंह ने उमरी बेगमगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बुधवार सुबह एसपी आकाश तोमर मौके पर पहुंचे।
पूरे मामले की जानकारी कर उन्होंने वारदात के खुलासे के लिए एसओजी समेत तीन टीमें लगाईं हैं। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि कई पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। वारदात के जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।