बलरामपुर। सीजेएम बलरामपुर ने छेड़खानी, मारपीट व धमकी देने के आरोप में ललिया थाने में तैनात तत्कालीन दरोगा व सिपाही को प्रथम दृष्टया अभियुक्त मानते हुए न्यायालय में तलब किया है। वर्तमान समय में दरोगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात है।
थाना ललिया बाजार की एक महिला ने सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था कि 22 मार्च 2022 की शाम सात बजे सब इंस्पेक्टर एक हमराही के साथ दुकान पर आए थे। आरोप है कि पति के बाहर होने का फायदा उठाते हुए दरोगा संतोष तिवारी व सिपाही मिथलेश कुमार ने अश्लील हरकत करते हुए गाली व धमकी दी थी। पीड़िता की सुनवाई न होने पर उसने न्यायालय में परिवाद दाखिल किया था।
पीड़िता ने अपना बयान न्यायालय में दर्ज कराया। उसके समर्थन में दो गवाहों ने भी बयान दर्ज कराया। सीजेएम रत्नेश दीप कमल आनंद ने पीड़िता व गवाहों के बयान के आधार पर सब इंस्पेक्टर संतोष तिवारी व कांस्टेबल मिथलेश कुमार को मारपीट, छेड़खानी, गाली देने व धमकी देने के आरोप में सम्मन के जरिए न्यायालय में तलब किया है। दोनों पुलिसकर्मियों को एक मार्च 2023 को न्यायालय में पेश होने का आदेश दिया है।