तरबगंज। तरबगंज-डुमरियाडीह मार्ग पर नरायनपुर पुल के पास रविवार दोपहर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी व उनके तीन बच्चे चोटिल हो गए। सिर में गंभीर चोट आने से दंपती को मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है।
बेलसर गांव निवासी सतीश पत्नी वंदना व तीन बच्चों के साथ सोहना मोतीगंज स्थित रिश्तेदारी से लौट रहे थे। तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। घायलों को सीएचसी तरबगंज पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दंपती को मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। बेटी तन्नू (07), तानिया (01) व बेटा अभय (04) को भी चोटें आई हैं। सीएचसी के डॉ. निकेश सिंह ने बताया कि सिर में चोट आने की वजह से दंपती को रेफर किया गया है। कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सड़क दुर्घटना में घायल
बेलसर। मंगुरा-विजय नगर संपर्क मार्ग पर मन्नी पुरवा में शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना में पनई पुरवा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता विजय कुमार मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पिता रामधनी ने बताया कि विजय किसी काम से मंगुरा बाजार जा रहे थे। तभी सामने से आ रही बाइक से टक्कर से गंभीर रूप से चोटिल हो गए। (संवाद)