कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 40 डीडीसी व 997 बीडीसी सीटों के वोटों की काउंटिंग 1 नवंबर को सुबह 8 बजे से सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर शुरू कराई जाएगी। अराजकता फैलाने वाले तत्वों को तत्काल जेल भेजा जाएगा। सीसीटीवी कैमरों से मतगणना कार्य की निगरानी कराई जाएगी। सुपर जोनल व जोनल मजिस्ट्रेट मतगणना कार्यों की निरंतर निगरानी करेंगे।
ये बातें जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम प्रीति शुक्ला ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सुपर जोनल व जोनल मजिस्ट्रेटों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि मतदान की तरह मतगणना कार्य में भी अपर जिला मजिस्ट्रेट शिवपूजन को बलरामपुर, तुलसीपुर, हरैया सतघरवा, गैसड़ी व पचपेड़वा और सीडीओ अखंड प्रताप सिंह को श्रीदत्तगंज, उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग व रेहरा बाजार ब्लॉकों का सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैैनात किया गया है।
काउंटिंग के दौरान दोनों अफसरों को निरंतर क्रियाशील रहने का निर्देश दिया गया है। तहसीलदार सदर राम प्यारे को पचपेड़वा ब्लॉक, एसडीएम केएन गुप्ता को गैसड़ी ब्लॉक, एसडीएम रामफेर यादव को तुलसीपुर ब्लॉक, बीएसए जय सिंह को हरैया सतघरवा, एसडीएम सदर इंद्र भूषण वर्मा को बलरामपुर ब्लॉक, तहसीलदार उतरौला आरपी वर्मा को श्रीदत्तगंज ब्लॉक, तहसीलदार न्यायिक लालबाबू उतरौला ब्लॉक, तहसीलदार तुलसीपुर विजय कुमार तिवारी को गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक और एसडीएम उतरौला राम हर्ष मौर्य को रेहरा बाजार ब्लॉक का जोनल मजिस्ट्रेट तैनात कर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से काउंटिंग कराने का निर्देश दिया गया है।
सदर ब्लॉक की काउंटिंग मंडी समिति में, हरैया सतघरवा ब्लॉक की कांउटिंग रामलाल मोहनलाल इंटर कॉलेज शिवपुरा, तुलसीपुर ब्लॉक की काउंटिंग कृषि उत्पादन मंडी समिति तुलसीपुर, गैसड़ी ब्लॉक की काउंटिंग राजकीय इंटर कॉलेज गैसड़ी, पचपेड़वा ब्लॉक की काउंटिंग फजल-ए-रहमानिया इंटर कॉलेज पचपेड़वा, उतरौला ब्लॉक की काउंटिंग मोहम्मद युसुफ उस्मानी इंटर कॉलेज उतरौला में होगी।
श्रीदत्तगंज ब्लॉक की काउंटिंग राजकीय इंटर कॉलेज दारी चौरा, गैड़ास बुजुर्ग की काउंटिंग ब्लॉक मुख्यालय और रेहरा बाजार ब्लॉक की काउंटिंग वीपीएस इंटर कॉलेज रेहरा बाजार में कड़ी सुरक्षा के बीच कराई जाएगी।
सभी मतगणना केंद्रों की सीसी टीवी कैमरे से निगरानी कराई जाएगी। बैठक में डीडीओ शिव कुमार सिंह, पीडी वीरेंद्र कुमार यादव, परियोजना अर्थशास्त्री वीके श्रीवास्तव व जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डीडी सिंह समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।