गोंडा। बिना शटडाउन लिए पोल पर चढ़कर फाल्ट ढूंढ़ना एक संविदाकर्मी के लिए भारी पड़ गया। लापरवाही से उसकी जान जाते-जाते बची। संविदा लाइनमैन रामकिशोर (45) मंगलवार को इंडियन बैंक राजपुर के पास ट्रांसफार्मर का फ्यूज बांधने गया था। तभी पता चला कि भौरीगंज रोड के सामने तिराहे पर एक पोल पर फाल्ट है। लाइनमैन बिना शटडाउन लिए 11 हजार लाइन के पोल पर चढ़ गया। लाइन छूते ही करंट की चपेट में आने से वह पोल से नीचे टिनशेड पर जा गिरा। करंट से उसका हाथ झुलस गया और गिरने से उसे गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना पर विभाग के संतोष सिंह, रमेश यादव व देवमणि तिवारी तुरंत मौके पर पहुंचे और रामकिशोर को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। जहां उपचार के बाद रामकिशोर को छुट्टी दे दी गई। परसपुर के उपखंड अधिकारी अमित कुमार मौर्य ने बताया कि संविदाकर्मी बिना शटडाउन लिए पोल पर चढ़ गया था। इससे वह करंट की चपेट में आ गया। सीएचसी में उसका उपचार कराया गया है। उसकी हालात सामान्य है।