गोंडा। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर लगाम लगाने के लिए अब उपभोक्ता घर बैठे ही शिकायत दर्ज करा सकेंगे। फूड सेफ्टी कनेक्ट मोबाइल एप के माध्यम से उपभोक्ता मिलावटी सामान की फोटो, विक्रेता की जानकारी और अन्य विवरण अपलोड कर सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और खाद्य सुरक्षा विभाग शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
अभी तक शिकायत मिलने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंचती है, लेकिन तब तक मिलावटी सामान हटाया जा चुका होता है। पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर कार्रवाई नहीं हो पाती। अब फूड सेफ्टी कनेक्ट एप के माध्यम से उपभोक्ता वास्तविक समय पर सूचना देकर विभाग की कार्रवाई को सशक्त बना सकेंगे। उपभोक्ता द्वारा दी गई शिकायत पर की गई कार्रवाई की सूचना भी एप के माध्यम से शिकायतकर्ता को दी जाएगी। एप से उपभोक्ताओं को एफएसएसएआई लाइसेंस के लिए पंजीकरण की सुविधा भी मिलेगी।
जागरूकता से ही रुकेगी मिलावट
सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) अजीत मिश्र ने कहा कि मिलावट पर प्रभावी रोक के लिए उपभोक्ताओं का सहयोग अत्यंत जरूरी है। एप के माध्यम से जानकारी साझा करें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके। विभाग जल्द ही ऐप को लेकर विशेष जागरूकता अभियान भी चलाएगा।