गोंडा। जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत ने उपभोक्ताओं को बेहाल कर रखा है। एजेंसियों पर उपभोक्ता तेज धूप में घंटों लाइन लगाने के लिए मजबूर हैं। एजेंसियों पर सिलिंडर की कालाबाजारी के आरोप लग रहे हैं। रविवार को शहर के अंबेडकर चौराहा स्थित एक गैस एजेंसी पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। दोपहर 11 बजकर 40 मिनट तक भी लोगों की भीड़ कम नहीं हुई। महिलाएं, बुजुर्ग व युवा परची कटवाने के लिए अपनी बारी के इंतजार में परेशान नजर आए।
नौबरा निवासी श्याम बरन वर्मा ने आरोप लगाया कि एजेंसी का एक कर्मचारी खुलेआम 2000 रुपये लेकर तुरंत सिलिंडर दिलाने की बात कर रहा था, जबकि सामान्य उपभोक्ताओं को कई दिन बाद आने को कहा जा रहा है। उपभोक्ता विश्राम ने बताया कि पिछले एक महीने से गैस नहीं मिलने के कारण उन्हें लकड़ी से खाना बनाना पड़ रहा है। कई बार एजेंसी जाने के बाद भी सिर्फ परची काटकर लौटा दिया जाता है। शिवबली मिश्रा ने बताया कि उन्हें चार दिन पहले बुलाया गया था, लेकिन तय तारीख पर पहुंचने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिला और फिर अगले दिन आने को कह दिया गया।
बुक होते ही डिलीवर्ड का मेसेज, नहीं मिला सिलिंडर
खिरौरा मोहन निवासी राजकुमार का मामला व्यवस्था की पोल खोलता है। उन्होंने बताया कि चार अप्रैल को बुकिंग के कुछ ही मिनटों बाद सिस्टम में सिलिंडर डिलीवर दिखा दिया गया, लेकिन आठ दिन बाद भी गैस घर तक नहीं पहुंची। एजेंसी पर संपर्क करने पर बताया गया कि उनका कनेक्शन दूसरी एजेंसी में ट्रांसफर हो गया है, लेकिन इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
तहसीलवार नामित पूर्ति निरीक्षक व संपर्क नंबर
सदर तहसील
-जुगल किशोर – 8887630649
-सुनील कुमार दिवाकर – 9120659024
मनकापुर तहसील
-संजय कुमार त्रिपाठी – 9450686129
तरबगंज तहसील
-महेश प्रसाद – 9616905224
-रणधीर यादव – 9648976716
करनैलगंज तहसील
-आनंद प्रकाश – 9650647187
-अनुज कुमार – 7398111051
मुख्यालय:
मनोज कुमार – 7408171767
-
शिकायत मिलते ही की जाएगी कार्रवाई
-सभी एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि होम डिलीवरी की संख्या बढ़ाए। यदि किसी एजेंसी पर अधिक पैसे लिए जा रहे हैं तो उपभोक्ता तत्काल अपने तहसील के नामित अधिकारी को फोन करें। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
कुंवर दिनेश प्रताप सिंह, डीएसओ