गोंडा। बेसिक शिक्षा विभाग के सरकारी प्राइमरी स्कूल के परिसर में ही मनमाने ढंग से गोशाला का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण होने से स्कूल में पढ़ाई तो बाधित होगी ही शिक्षकों के स्कूल आने में भी दिक्कत होगी। स्कूल के शिक्षकों ने इसकी जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दी है।
बीएसए डॉ. इन्द्रजीत प्रजापति ने स्कूल का निरीक्षण किया तो इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी है कि गोशाला का निर्माण पंचायत की किसी अन्य भूमि पर कराया जाए।
गोंडा-लखनऊ हाइवे पर बालपुर बाजार में ही संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय बालपुर द्वितीय के बीच में गोशाला का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इसके पहले इसी परिसर में संचालित प्राइमरी स्कूल बालपुर प्रथम व जूनियर हाईस्कूल बालपुर प्रथम की भूमि पर कब्जे का प्रयास हुआ था। जिसमें एसडीएम के हस्ताक्षेप से कार्य रुका और मामले केे स्कूल के शिक्षक न्यायालय ले गए।
अब इसी परिसर में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय बालपुर द्वितीय के बीच में ही गोशला का निर्माण शुरू कर दिया गया है। पंचायत की ओर से कहीं और भूमि न देकर स्कूलों के बीच में ही गोशाला का निर्माण शुरू करा दिया गया। यहां एक ही परिसर में चार स्कूल चल रहे हैं और पांच सौ से अधिक बच्चों का आवागमन स्कूल खुले होने पर रहता है।
स्कूल के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार सिंह ने शिक्षकों के साथ बीएसए को पूरी स्थिति से अवगत कराया। उनका कहना है कि गोशाला का निर्माण स्कूल के बीच में किये जाने का कोई औचित्य नहीं है। इसके लिए कहीं और स्थान तय होना चाहिए था। बीएसए ने भी मौके का निरीक्षण किया तो पाया कि शिकायत सही पाई।
स्कूल के बीच में गौशाला का निर्माण उचित नहीं है। जिलाधिकारी को पूरी रिपोर्ट भेजी गई है। गोशाला से स्कूल के संचालन में दिक्कत आएगी।
- डॉ. इन्द्रजीत प्रजापति, बीएसए