महंगी दाल, महंगा तेल... के नारे के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नगर में दाल की भीख मांगी। नगर में भीख जुलूस निकालकर दाल व खाद्य तेलों की महंगाई के खिलाफ विरोध जताया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपकर बढ़ती महंगाई व प्रदेश में ध्वस्त कानून व्यवस्था में सुधार की मांग की।
गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह व पूर्व जिलाध्यक्ष शफीक अख्तर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरानी चौक से वीर विनय चौराहे तक भीख जुलूस निकाला।
भीख जुलूस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक दुकानदार से दाल की भीख मांगते हुए महंगाई के लिए केंद्र सरकार की नीतियों को दोषी बताया। भीख जुलूस वीर विनय चौराहे पर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष शफीक अख्तर, उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी पंकज कुमार गुप्ता एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवलाल आदि ने कहा कि अच्छे दिन आने का दावा करने वाली केंद्र सरकार सभी मोर्चो पर विफल साबित हो रही है।
देश में महंगाई व भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा हैं। दाल की कीमत 200 का आंकड़ा पार कर चुकी है। महंगी होने से गरीबों की थाल से दाल गायब हो गई है।
कांग्रेस नेता डॉ. इश्तियाक, शैलेंद्र प्रताप सिंह, हनीफ मास्टर, राम कुमार गुप्ता एवं रामशंकर भारती आदि ने प्रदेश में ध्वस्त कानून व्यवस्था के लिए प्रदेश सरकार को दोषी मानते हुए उसमें सुधार की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश में बढ़ रहे अहिष्णुता के खिलाफ भी विरोध जताया। सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम को सौंपा।
ज्ञापन में दाल, खाद्य तेल व दवाओं की कीमत पर अंकुश लगाने, प्रदेश में ध्वस्त कानून व्यवस्था सुधारे जाने, बनारस में कांग्रेस विधायक अजय राय का उत्पीड़न बंद किये जाने, जिले की बदहाल सड़कों की हालत सुधारे जाने तथा गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान करने व नया गन्ना मूल्य घोषित किये जाने की मांग की गई है।
इस मौके पर अरुण प्रकाश सिंह, बृजेश मिश्रा, जेपी यादव, अमिरका, सुग्रीव, नसीबुद्दीन खां, शंकर सिंह, सुरेश कुमार, समीर सिंहव व ओम प्रकाश आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।