प्रदर्शन करते सपा व कांग्रेस कार्यकर्ता।
करनैलगंज। रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की इमारतों को ध्वस्त करने के लिए जारी नोटिस के विरोध में मंगलवार को करनैलगंज में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शन किया। तहसील परिसर पहुंचकर उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कुमार सत्यमजीत को सौंपा और विश्वविद्यालय की इमारतों को गिराने की प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय प्रदेश का एक महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान है, जहां हजारों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में इमारतों को ध्वस्त करने की कार्रवाई न केवल शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करेगी, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर डालेगी।
कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता त्रिलोकीनाथ तिवारी ने कहा, शिक्षा संस्थानों को बचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। किसी भी कार्रवाई से पहले वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों और कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए। पूर्व नगर पालिका चेयरमैन शमीम अच्छन ने कहा, यह संस्थान शिक्षा और सामाजिक विकास का केंद्र है, इसलिए इसे संरक्षित किया जाना चाहिए।