मनकापुर। कोतवाली के महादेवा गांव मे रास्ते का विवाद रविवार को संघर्ष में बदल गया। इसी गांव के विवाद में पूर्व कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह तीन दिन पहले मौके पर गए थे और उसी से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें कोतवाल के धमकी देने की बात सामने आई थी। पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को कोतवाल को हटा दिया था।
रविवार गांव में फिर रास्ते को लेकर दोनो पक्षों में विवाद शुरू हुआ और मारपीट हो गई। जिसमें छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया और 12 लोगों के विरुद्व मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली क्षेत्र के महादेवा गांव के मजरे धर्मपुरा निवासी रक्षाराम पुत्र सुखराम ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि शनिवार के शाम को रास्ते के विवाद को लेकर विपक्षी बाबूराम व उसका बेटा धर्मेंद्र व ईश्वरदीन तथा ईश्वरदीन के बेटे राहुल, संदीप, लक्ष्मन, मित्तल, बाबूराम की पत्नी रामावती, ईश्वरदीन की पत्नी इंद्रावती, धर्मेंद्र की पत्नी चंद्रावती, विपिन, विक्रम पुत्र अज्ञात के विरुद्व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज हुई है। मारपीट में पीड़ित सहित उसके भाई राम नायक, विशाल, राम प्रगट, पिता सुखराम, रिश्तेदार दुर्गा प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से बाबूराम, ईश्वरदीन, संदीप को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को सीएचसी लाया गया। कोतवाल मनीष जाट ने बताया कि हुए विवाद की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।