गोंडा। भवन के साथ ही सड़क, पुल आदि के निर्माण कार्यों की समीक्षा बुधवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में की। कहा कि सभी निर्माण कार्यों को समय से पूरा किया जाए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। जिन भवन के निर्माण कार्य बजट के अभाव में रुके हैं, उसे बजट मंगाकर पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री स्तर से निर्माण कार्यों की समीक्षा की जाती है, इससे निर्माण में लापरवाही न हो। देर से निर्माण पूरा करने पर शासकीय धन की क्षति होती है। कहा कि अधूरे सभी निर्माण कार्य पूरे किए जाएं।
बैठक में प्रगति ठीक न होने पर अधिशासी अभियंता आवास विकास परिषद, अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं जनसंसाधन तथा परियोजना प्रबंधक सेतु निगम, निर्माण इकाई अयोध्या से स्पष्टीकरण मांगा है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएसटीओ राजेश पांडेय, अधिाशासी अभियंता प्रांतीय खंड प्रमोद त्रिपाठी, सहायक पर्यटन अधिकारी वंदना पांडेय आदि विभागीय अधिकारी रहे।