कामन सर्विस सेंटर के लिए पंचायत भवन में बनाए जाएंगे अतिरिक्त कक्ष
विकास योजनाओं से जुड़ेंगे एक लाख से अधिक नागरिकों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं में पारदर्शिता लाने के साथ ही नागरिक सुविधाएं मुहैय्या कराने के लिए 40 कामन सर्विस सेंटर के लिए कक्षों का निर्माण होगा। डीपीआरओ लालजी दूबे ने 16 विकासखंडों के सहायक विकास अधिकारियाें से प्रस्ताव मांगा है। उन्होंने उन पंचायत सचिवालयों के पास गैर विवादित भूमि का प्रस्ताव मांगा है, जहां अभी तक अतिरिक्त कक्षों का निर्माण नहीं हो सका है।
कामन सर्विस सेंटरों का संचालन पंचायत सचिवालयों के पास ही किया जाना है, जिससे विकास से जुड़े कार्य भी हो सकें। 1192 पंचायतों में यह सुविधा शुरू की गई है, लेकिन कई पंचायतें जहां अभी सेंटर के लिए अलग से भवन का निर्माण नहीं हो सका है। कामन सर्विस सेंटरों से लोगों को आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के साथ ही राशन कार्ड व फैमिली कार्ड के लिए आवेदन हो सकेंगे। इससे इन 40 पंचायतों के करीब एक लाख की आबादी को फायदा मिलेगा। अभी तक उन्हें निजी लोकवाणी केंद्रों तक जाना पड़ता है। इसके अलावा ग्राम पंचायत अधिकारियों को विकास कार्यों का ब्यौरा ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपडेट करने और निधियों से गेटवे के माध्यम से बजट खर्च करने में सहूलियत मिलेगी। डीपीआरओ ने बताया कि सभी ब्लाक से पांच-पांच प्रस्ताव मांगे गए हैं। लेकिन अभी 40 पंचायतों में ही निर्माण कार्य कराया जाएगा।