गोंडा। कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील व आईजी अमित पाठक ने बुधवार को नेपाल बॉर्डर की सुरक्षा व्यवस्था परखी।बहराइच से जुड़ी नेपाल सीमा पर एसएसबी के अधिकारियों से मुलाकात कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
आईजी ने बताया कि पहले से मिले इनपुट के आधार पर एसएसबी के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की जा चुकी है। इसी आधार पर सभी चेक पॉइंट व अन्य सीमावर्ती इलाकों पर एसएसबी के साथ मिलकर नजर रखी जा रही है। उन स्थलों पर भी हमारी नजर है, जहां पर अलग से चेक पॉइंट नहीं है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी हो रही है।
अभी तक जो भी प्रदर्शन हुए हैं, वह नेपाल में हुए हैं। नेपाल से आने वाले या नेपाल जाने वालों के बारे में प्रक्रिया के तहत एसएसबी काम कर रही है। बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती के डीएम व एसपी खुद एसएसबी अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा प्रबंधों पर नजर रख रहे हैं। कमिश्नर ने बताया कि सीमा पर पूरी तरह से चौकसी बरती जा रही है। नेपाल के बदले हालात पर भी हमारी नजर है।