हलधरमऊ। ग्राम पंचायतों में ठप पड़े कामकाज को लेकर प्रकाशित खबर का असर दिखा। डीपीआरओ लालजी दुबे ने जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद ग्राम पंचायत सचिवों को नए क्लस्टर आवंटित कर दिए हैं।
आठ अप्रैल से सात ग्राम पंचायतों में सचिव के अवकाश पर होने के कारण विकास कार्य और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा था। इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए अमर उजाला ने चार मई को ‘सचिव के अवकाश पर होने से कामकाज ठप’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और तत्काल प्रभाव से नए आदेश जारी किए गए।
संबंधित सचिवों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्लस्टर का कार्यभार संभालकर जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत अधिकारी अंकित सिंह को मलौना क्लस्टर आवंटित किया गया है। इस क्लस्टर में बरबटपुर, छिटनापुर, खिंदूरी, अमोढ़वा और मलौना ग्राम पंचायतें शामिल हैं। वहीं, ग्राम पंचायत सचिव शिवम वर्मा को निंदूरा क्लस्टर दिया गया है, जिसमें मीनापुर और निंदूरा ग्राम पंचायतों का कार्यभार शामिल है।