झंझरी (गोंडा)। शहर के एक कॉलेज की बीएससी नर्सिंग की छात्रा से सहपाठी ने छेड़छाड़ व दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के भाई ने एसपी विनीत जायसवाल से मिलकर शिकायत की। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बलरामपुर के रेहरा बाजार इलाके के एक गांव निवासी युवक ने एसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई। बताया कि उनकी बहन गोंडा के एक कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की छात्रा है। बहन के साथ पढ़ने वाला मोतीगंज के रामनगर बनकट निवासी गौरव चतुर्वेदी लगातार उसे परेशान कर रहा है। कॉलेज आते-जाते समय पीछा करता है। बीते एक अप्रैल को कॉलेज से कमरे पर जाते समय रास्ते में सुनसान स्थान पर गौरव ने छेड़छाड़ व दुष्कर्म का प्रयास किया। इससे सहमी पीड़िता ने कॉलेज जाना छोड़ दिया। वह अपने कमरे से निकलने से भी डर रही है।
भाई के मुताबिक आरोपी गौरव उनकी बहन पर शादी करने का दबाव बनाता है। मना करने पर जान से मारने की धमकी देने के साथ ही सोशल मीडिया पर बदनाम करने की बात कहता है। एसपी के निर्देश पर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी गौरव चतुर्वेदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
किशोरी का अपहरण, केस दर्ज
मनकापुर (गोंडा)। क्षेत्र के एक गांव की महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग बेटी एक अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। आरोप लगाया कि रोहित कश्यप ने बेटी को अगवा किया है। कोतवाल मनोज कुमार पाठक ने बताया कि रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है। (संवाद)