गोंडा। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में बृहस्पतिवार से एमबीबीएस की नियमित प्री क्लीनिकल कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। दो चरणों की काउंसिलिंग के तहत प्रवेश लेने वाले 97 छात्र-छात्राओं को पहले 15 दिन तक व्यावहारिक ज्ञान व गोंडा के परिवेश की जानकारी देने के लिए फाउंडेशन कक्षाएं चलाई गई थीं।
मेडिकल कॉलेज में दूसरे बैच के लिए एमबीबीएस की 100 सीटों पर पढ़ाई शुरू करने की अनुमति मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने प्रदान की थी। स्टेट कोटे से 85 सीटों व ऑल इंडिया कोटे से 15 सीटों पर प्रवेश होना था। दो चरण की काउंसिलिंग के दौरान स्टेट व ऑल इंडिया कोटे को मिलाकर 97 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया। प्रवेश के दिन ही इन विद्यार्थियों को हॉस्टल आवंटित कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने बताया कि इस बार शासन का निर्देश था कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान ही फाउंडेशन कक्षाएं शुरू कर दी जाएं। ऐसे में पहले दो सप्ताह तक छात्र-छात्राओं को चिकित्सा शिक्षा के व्यावहारिक ज्ञान, गोंडा के परिवेश, हॉस्टल व अस्पताल के विषय में जानकारी दी गई। बृहस्पतिवार से एमबीबीएस के पहले वर्ष के प्री क्लीनिकल पाठ्यक्रमों की पढ़ाई शुरू की गई। यह चरण दो सेमेस्टर तक चलेगा। इसमें एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री और फिजियोलॉजी विषय शामिल हैं।