बभनजोत ब्लॉक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में भारी अनियमितता उजागर हो चुकी है। 34 गांवों में 70 प्रतिशत से अधिक मतदाता बनाए जाने पर विकास खंड के नोडल जिला विद्यालय निरीक्षक ने सोमवार को ब्लॉक के 21 सुपरवाइजरों की बैठक बुलाई थी।
इसमें 11 सुपरवाइजर अनुपस्थित रहे। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र कुमार दूबे ने इनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। डीआईओएस ने बताया कि पुनरीक्षण कार्य में लगे बीएलओ ने भारी अनियमितता की है। 34 गांवों की जांच में पाया गया कि जनसंख्या के लिहाज से यहां 70 प्रतिशत से अधिक मतदाता बना दिए गए।
इतना ही नहीं एक गांव में जनसंख्या से अधिक मतदाताओं की संख्या हो गई और कुछ गांवों में 98 प्रतिशत मतदाता हो गए थे। इसके लिए सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर सभी सुपरवाइजरों की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें 11 अनुपस्थित रहे। इनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है और इसकी सूचना जिलाधिकारी को भेज दी गई है।