एलबीएस चौराहे के पास सड़क पर भरे पाने से गुजरते लोग। -संवाद
गोंडा। झमाझम बारिश से सोमवार को शहर के प्रमुख रास्ते ताल-तलैया बन गए। दुकान, कार्यालय और घरों में गंदा पानी भर गया। नालों की सफाई का दावा करने वाले नगर पालिका परिषद के दफ्तर में ही घुटनों तक पानी भर गया। 50 मिनट की बारिश में ही देवीपाटन मंडल के मुख्यालय के इस हाल ने जलनिकासी की व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी।
सोमवार को दोपहर बाद बादल छा गए। थोड़ी देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 50 मिनट में 20 मिलीमीटर बारिश हृुई। इससे शहर की प्रमुख सड़कें व मोहल्ले जलमग्न हो गए। एलबीएस चौराहे से कचहरी जाने वाली मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। लोग जलभराव से होकर ही आवागमन करने को मजबूर हुए। पालिका के दफ्तर के साथ ही चौक, पटेलनगर व बड़गांव में रास्तों पर पानी भरने से लोगों को काफी समस्या हुई।
मेडिकल कॉलेज में क्षेत्रीय निदान केंद्र, टीबी क्लीनिक, डायलिसिस यूनिट सहित अन्य विभागों में जलभराव हो गया। आवास विकास काॅलोनी से होते हुए लक्ष्मणपुरी के रास्ते से सरकुलर रोड को निकलने वाले मार्ग पर जलभराव ने लोगों की समस्या बढ़ा दी।
नगर पालिका परिषद के सफाई निरीक्षक काजी शारिफ का कहना है कि जहां से भी जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां पालिका की टीम को भेजा जा रहा है।