गोंडा। परेड सरकार गांव के चांदमारी के पास सिविल लाइन थाने का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन की मौजूदगी में राजस्व टीम ने भूमि की पैमाइश की। सिविल लाइन थाने के लिए 25 बीघा भूमि का अधिग्रहण किया गया है।
वर्ष 2018 में तत्कालीन एसपी लल्लन सिंह ने सिविल लाइन थाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसी के बाद शासन में दो साल तक चली कवायद के बाद आखिरकार सिविल लाइन थाने की स्थापना को स्वीकृति मिल गई। मंगलवार को राजस्व टीम ने परेड सरकार गांव के समीप भूमि की पैमाइश की।
सिविल लाइन थाने के लिए 21 बीघा भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इस दौरान नायब तहसीलदार शिवदयाल तिवारी, छावनी सरकार के लेखपाल मस्तराम, मतवरिया के लेखपाल राधाकांत मिश्रा, गिर्द गोंडा के लेखपाल पुजारी, राजस्व निरीक्षक सुरेश चंद्र व प्रतिसार निरीक्षक यशवंत सिंह मौजूद रहे।