बीटीसी अभ्यर्थियों की भारी भीड़ से शहर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ठहरने के लिए जगह न मिलने से अभ्यर्थियों ने सड़क पर घूम-घूमकर रात काटी। काउंसलिंग के लिए आए गैर जनपदों के अभ्यर्थियों की भारी भीड़ दिन भर इधर-उधर दौड़ती रही। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान व बीएसए दफ्तरों के आसपास सड़कों पर लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ा।
पुलिस प्रशासन व यातायात कर्मी कड़ी मशक्कत कर सड़क से दिन भर जाम हटवाते रहे। बीएसए दफ्तर में 244 पदों के सापेक्ष मंडलवार काउंटर लगाकर गैर जिलों से आए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई गई।
बीएसए जय सिंह ने बताया कि बीटीसी, विशिष्ट बीटीसी व द्विवर्षीय उर्दू प्रवीणताधारी बीटीसी प्रशिक्षण एवं विशेष शिक्षा प्राप्त एवं शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण गैर जिलों के अभ्यर्थियों की बीएसए दफ्तर में शुक्रवार को काउंसलिंग कराई गई।
जिले के प्राथमिक स्कूलों में 500 शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। पहले चरण में बलरामपुर जनपद से आवेदन करने वाले 256 अभ्यर्थियों के अनंतिम चयन के लिए 26 अक्तूबर को काउसंलिंग कराई जा चुकी है।
प्रथम चरण में 122 सामान्य, 66 पिछड़ी, 57 अनुसूचित जाति व पांच अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी काउंसलिंग में शामिल हुए थे।
दूसरे चरण में गैर जनपदों के मंडलवार नौ काउंटरों पर शुक्रवार को 244 पदों के सापेक्ष अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई गई।
बीईओ एमपी सिंह ने देवीपाटन मंडल, रणजीत कुमार ने आगरा व अलीगढ़, शिवमंगल वर्मा ने बरेली व बस्ती, जगन्नाथ यादव ने इलाहाबाद व चित्रकूट, महेंद्र कुमार ने फैजाबाद व मिर्जापुर, रामू प्रसाद ने गोरखपुर व बस्ती, रामजनक वर्मा ने कानपुर व मेरठ, शत्रुघन सरोज ने मुरादाबाद व सहारनपुर और अनिल मिश्र ने वाराणसी मंडल के बीटीसी अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई।
डीसी निरंकार पांडेय, एनके सिंह, समेकित शिक्षा आभा त्रिपाठी, एमडीएम फिरोज अहमद व वरिष्ठ सहायक अनूप श्रीवास्तव समेत अन्य कर्मियों ने काउंसलिंग कार्य में सहयोग किया। काउंसलिंग के दौरान नगर कोतवाली की पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया।