गोंडा। जिले में तीन करोड़ रुपये से शहर के तीन नालों समेत जिले के 70 अन्य नालों में साफ-सफाई कराई जाएगी। इनकी लंबाई 201 किमी. है। इससे लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
गोंडा शहर में 27 वार्ड हैं। अधिकांश वार्डों में लोग जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे हैं। बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। ज्यादा बारिश होने पर नाले-नालियां चोक हो जाते हैं। ऐसे में जलनिकासी का संकट गहरा जाता है। बीते वर्षों में शहर के कई मोहल्लों में कमर तक पानी भर गया था। इस बार भी मौसम विभाग की ओर से औसत से ज्यादा बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। ऐसे में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मुहिम शुरू हो गई है।
पहले ही होना चाहिए था सफाई का काम
जानकीनगर के कमलेश, गिर्द गोंडा के साबिर अली, पंतनगर निवासी राजेश का कहना है कि नाला सफाई का काम बहुत पहले हो जाना चाहिए था। अब मानसून जल्द आने वाला है। ऐसे में सफाई कार्य में बारिश की वजह से भी बाधा आएगी। फिर भी नाले साफ हो गए तो जलभराव की समस्या से राहत मिल जाएगी।
स्वीकृति मिली, जल्द शुरू कराएंगे काम
सरयू नहर ड्रेनेज खंड के प्रभारी अधिशासी अभियंता जय सिंह का कहना है कि शहर समेत जिले के 70 नालों की सफाई कराई जानी है। इसके लिए तीन करोड़ रुपये की कार्ययोजना को स्वीकृति मिली है। सभी प्रक्रिया पूरी कराने के बाद नालों की सफाई शुरू करा दी जाएगी।