गोंडा। जिले के कुल 32 पीएमश्री विद्यालयों के 200 बच्चे सोमवार को जिला मुख्यालय के पीएसी ग्राउंड में खेलकूद व सांस्कृति कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से मैदान संवारने के साथ ही जरूरी तैयारियां की गई हैं।
जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) हरिगोविंद यादव ने बताया कि पहली बार जिले के पीएमश्री विद्यालय के बच्चे जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। सोमवार की सुबह आठ बजे से पीएसी ग्राउड में बालक व बालिका की अलग-अलग 16 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिता के साथ ही बच्चों को 150-150 रुपये भत्ता का भुगतान किया जाएगा। वहीं, पीएसी ग्राउंड में भोजन-पानी से लेकर समुचित इंतजाम किए गए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, डीएम नेहा शर्मा, सीडीओ अंकिता जैन व बीएएस की उपस्थिति में प्रतियोगिता का आगाज किया जाएगा। वहीं, प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से सभी जरूरी तैयारियां की गई है। वहीं, विद्यार्थी परेड ग्राउंड में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।